सेवा की कहानी : किसान वृक्ष मित्र योजना अंतर्गत जिले के 841 हितग्राहियों ने 2148.89 एकड़ में लगाए 9 लाख 39 हजार से अधिक पौधे

Date:

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026

 सेवा की कहानी : किसान वृक्ष मित्र योजना अंतर्गत जिले के 841 हितग्राहियों ने 2148.89 एकड़ में लगाए 9 लाख 39 हजार से अधिक पौधे

वन संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित किसान वृक्ष मित्र योजना जिले में हरियाली और आर्थिक समृद्धि का नया आधार तैयार कर रही है। वर्षा ऋतु 2026 में वनमंडल महासमुंद द्वारा योजना के अंतर्गत जिले के 841 हितग्राहियों के कुल 2148.89 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के 9 लाख 39 हजार 838 पौधों का रोपण किया गया है। जिले में इस वर्ष कुल 9 लाख 48 हजार 790 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 99.06 प्रतिशत पौधरोपण पूर्ण कर लिया गया है।

किसान वृक्ष मित्र योजना के माध्यम से किसानों को अपनी कृषि भूमि के ऐसे हिस्सों, जहां परंपरागत कृषि करना अपेक्षाकृत कठिन होता है, वहां वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे एक ओर खेतों की मेड़ों और अनुपयोगी अथवा कम उत्पादक भूमि का बेहतर उपयोग हो रहा है, वहीं दूसरी ओर किसान भविष्य के लिए आय का एक अतिरिक्त और टिकाऊ स्रोत तैयार कर रहे हैं। वृक्षों के बढ़ने के साथ इनसे प्राप्त होने वाली लकड़ी, बांस एवं अन्य वनोपज किसानों के लिए दीर्घकालीन आर्थिक लाभ का माध्यम बन सकती है।

वर्षा ऋतु 2026 में किए गए पौधरोपण में विभिन्न उपयोगी एवं व्यावसायिक प्रजातियों को शामिल किया गया है। इनमें क्लोनल नीलगिरी के 7 लाख 18 हजार 457 पौधे, साधारण सागौन के 1 लाख 86 हजार 281 पौधे, चंदन के 12 हजार 900 पौधे, टिशू कल्चर सागौन के 2 हजार 150 पौधे, मिलिया डूबिया के 850 पौधे तथा साधारण बांस के 400 पौधे शामिल हैं। इन प्रजातियों का चयन किसानों को दीर्घकालीन आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय परिस्थितियों में हरित क्षेत्र के विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया गया है। योजना के तहत पौधरोपण के लिए किसानों को प्रोत्साहित किए जाने से कृषि और वानिकी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related