
बिहार पुर महाविद्यालय में उत्साह पूर्वक मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती
सूरजपुर 31 अक्टूबर 2026
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर रन फॉर यूनिटी एकता के लिए दौड़ एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के अतिरिक्त प्रभारी प्राचार्य श्री रंजीत कुमार सातपुते के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री धीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने की सामूहिक शपथ ली। वरिष्ठ प्राध्यापक श्री धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस दौरान श्री जायसवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से लगभग 560 से अधिक रियासतों के भारतीय संघ में एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाने में उनके योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है।उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अन्य प्राध्यापकों ने भी सरदार पटेल के जीवन और उनके प्रेरणादायी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने भारत माता एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के जयकारों के साथ एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

